CG Breaking News: भालू का आतंक! गांव में घुसते ही 3 ग्रामीणों पर हमला

CG Breaking News: सरगुजा संभाग में एक बार फिर वन्यजीवों की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत अवंतिकापुर में रविवार को एक आक्रामक भालू के हमले में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है।

चट्टानों के बीच फंसा था भालू

जानकारी के अनुसार, गांव के समीप एक भालू चट्टानों के बीच पत्थरों में फंस गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक्सीवेटर मशीन की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भालू को बाहर निकाला गया।

वन परिक्षेत्र अधिकारी मेवालाल पटेल के मुताबिक, बाहर निकलते ही भालू काफी घबराया और आक्रामक हो गया। वह जंगल की ओर भाग रहा था, लेकिन इसी दौरान कुछ ग्रामीण उसके सामने आ गए।

तीन ग्रामीणों पर किया हमला

अचानक सामने लोगों को देखकर भालू ने हमला कर दिया। हमले में अवध कुमार साकेत सहित तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बिहारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

गांव में फैला भय का माहौल

घटना के बाद अवंतिकापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डर का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि—

  • रात के समय घर से बाहर निकलते वक्त टॉर्च और डंडा साथ रखें।
  • जंगल या सुनसान इलाकों में अकेले न जाएं।
  • जंगली जानवर दिखने पर उसके पास जाने की कोशिश न करें।
  • तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
  • बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दें।

मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ा चिंता का कारण

विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों में भोजन और पानी की कमी तथा लगातार बढ़ती मानवीय गतिविधियों के कारण भालू और अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v