AI Video Controversy: राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से तैयार किए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना पुलिस ने विभिन्न शिकायतों के आधार पर की है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है।
शिकायत के अनुसार, फेसबुक पर "From Heaven to Earth" नाम के पेज से 50 से अधिक वीडियो अपलोड किए गए, जिन्हें बड़ी संख्या में लोगों ने देखा। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन वीडियो में विभिन्न हिंदू देवी-देवताओं से जुड़े भ्रामक और आपत्तिजनक दावे किए गए हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हिंदू संगठनों ने दर्ज कराई शिकायत
बजरंग दल और राम भक्त सेना सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने संबंधित फेसबुक पेज को तत्काल ब्लॉक करने और उसके संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वीडियो में धार्मिक आस्था से जुड़े पात्रों के बारे में ऐसे दावे किए गए हैं जिन्हें वे भ्रामक और आपत्तिजनक मानते हैं।
साइबर सेल कर रही तकनीकी जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी के अनुसार, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वैधानिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब साइबर सेल संबंधित फेसबुक पेज के URL, IP Address और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पेज संचालकों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किस स्थान से अपलोड किए गए और इनके पीछे कौन लोग या समूह शामिल हैं।
Meta से भी मांगी जाएगी जानकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान Meta से भी संबंधित फेसबुक पेज और उसके एडमिन की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा। जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




