Raigarh News: दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में 16 सितंबर को मूल्यांकन शिविर आयोजित किया जाएगा। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर द्वारा आयोजित इस शिविर में पात्र दिव्यांगजन और वरिष्ठजन उपस्थित होकर आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए अपना मूल्यांकन करा सकेंगे।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने बताया कि शिविर का आयोजन एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एलआईसी) की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। शिविर 16 सितंबर को सुबह 11 बजे से जतन केंद्र परिसर, जिला पंचायत के सामने, रायगढ़ में आयोजित होगा।
इस शिविर में रायगढ़ सहित पुसौर, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, खरसिया और धरमजयगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र के पात्र हितग्राही शामिल हो सकेंगे। पात्र हितग्राहियों की आवश्यकता और निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए मूल्यांकन किया जाएगा।
दिव्यांगजनों के लिए शिविर में यूडीआईडी कार्ड प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। कार्ड में दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक होना निर्धारित है। इसके अलावा सभी स्रोतों से मासिक आय 22,500 रुपये से कम होने का आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड साथ लाना होगा। इन दस्तावेजों के आधार पर पात्रता का परीक्षण करने के बाद आवश्यक सहायक उपकरण के लिए मूल्यांकन किया जाएगा।
वहीं वरिष्ठजनों के लिए सभी स्रोतों से मासिक आय 14,500 रुपये से कम होना आवश्यक है। वरिष्ठ हितग्राहियों को आवासीय प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड साथ लाना होगा। इसके अलावा उनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है। निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले वरिष्ठजन भी शिविर में उपस्थित होकर अपनी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण के लिए मूल्यांकन करा सकेंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित जनपद पंचायतों के अधिकारियों को शिविर स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को निर्धारित तिथि और समय पर शिविर में उपस्थित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से पात्र हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे 16 सितंबर को सुबह 11 बजे जतन केंद्र परिसर, जिला पंचायत के सामने रायगढ़ में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों और निःशुल्क सहायक उपकरण योजना का लाभ लेने के लिए अपना मूल्यांकन कराएं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




