CG News: नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में बाढ़ की घटना के बाद अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता से संपर्क टूटने की खबर सामने आई है। डॉ. मीना कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं और लौटने के दौरान नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित इमीग्रेशन सेंटर में अपनी यात्रा टीम के साथ मौजूद थीं। परिजनों के अनुसार बाढ़ की चपेट में आने के बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका है। डॉ. मीना के साथ यात्रा दल में शामिल करीब 80 अन्य लोगों की जानकारी भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इमीग्रेशन सेंटर में था 80 लोगों का दल
जानकारी के अनुसार डॉ. मीना गुप्ता 14 अगस्त को कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए दिल्ली पहुंची थीं। इसके बाद एक आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 यात्रियों का दल दिल्ली से काठमांडू रवाना हुआ।
बताया गया कि यात्रा दल ने 23 अगस्त को कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर ली थी। इसके बाद 25 अगस्त को सभी सदस्य नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित इमीग्रेशन सेंटर पहुंचे थे, जहां यात्रा संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जानी थीं।
इसी दौरान क्षेत्र में आई बाढ़ के बाद इमीग्रेशन सेंटर प्रभावित होने और यात्रियों से संपर्क टूटने की जानकारी सामने आई। इसके बाद से डॉ. मीना गुप्ता सहित यात्रा दल के सदस्यों की स्थिति को लेकर परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
इंग्लैंड में स्किन स्पेशलिस्ट हैं डॉ. मीना
डॉ. मीना गुप्ता मूल रूप से अंबिकापुर से हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा शहर के होलीक्रॉस स्कूल में हुई है। डॉक्टर बनने के बाद वह इंग्लैंड में रहकर स्किन स्पेशलिस्ट के रूप में कार्यरत हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए वह विशेष रूप से भारत आई थीं। परिजनों के अनुसार यात्रा शुरू होने से पहले उन्होंने अपने पिता करता राम गुप्ता को भी साथ चलने के लिए कहा था।
हालांकि व्यस्तता के कारण पिता यात्रा में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद बेटी के साथ रक्षाबंधन पर दिल्ली में मिलने की योजना थी, लेकिन नेपाल में बाढ़ की सूचना के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई।
बेटी से संपर्क नहीं हो सका
भाजपा नेता और नगर निगम के एल्डरमैन करता राम गुप्ता के अनुसार संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण अभी तक उनकी बेटी से संपर्क नहीं हो सका है।
परिवार लगातार डॉ. मीना और यात्रा दल के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा है। घटना के बाद परिवार को उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद है।
परिजनों का कहना है कि नेपाल सीमा क्षेत्र में संचार संपर्क बाधित होने के कारण सही जानकारी मिलने में परेशानी हो रही है। आधिकारिक स्तर पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
मंत्री ने मदद का दिया भरोसा
डॉ. मीना के लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने परिवार से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
बताया गया कि मंत्री ने केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। परिवार को उम्मीद है कि राहत एवं बचाव अभियान के माध्यम से जल्द सभी यात्रियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
नेपाल में बाढ़ के बाद विभिन्न देशों के नागरिकों के प्रभावित होने की भी खबरें सामने आई हैं। इनमें ट्रेकिंग, पर्यटन और कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए पहुंचे विदेशी एवं भारतीय नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं।




