CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और UNICEF मिलकर बनाएंगे कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ का मास्टर प्लान

CG News: छत्तीसगढ़ को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने UNICEF के तकनीकी सहयोग से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के समग्र विकास के लिए एक समन्वित मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना का उद्देश्य राज्य में कुपोषण, शिशु मृत्यु दर (IMR) और मातृ मृत्यु दर (MMR) में प्रभावी कमी लाना है।

मुख्यमंत्री से मंत्रालय महानदी भवन में UNICEF India की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने मुलाकात की। बैठक में बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षित मातृत्व तथा समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से परिणाम आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

UNICEF के सहयोग से बनेगी संयुक्त कार्ययोजना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव स्वस्थ माताओं और स्वस्थ बच्चों पर ही टिकी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा आदिम जाति विकास विभाग मिलकर UNICEF के तकनीकी सहयोग से व्यापक रणनीति तैयार करेंगे।

सरकार चाहती है कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों तक पहुंचे।

कुपोषण, मातृ और शिशु मृत्यु दर पर रहेगा फोकस

नई कार्ययोजना में विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा जहां कुपोषण की समस्या अधिक है। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, बच्चों का संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

75 साल पूरे होने पर UNICEF ने दिया स्मारक डाक टिकट

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंथिया मैककैफ्रे का शाल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर UNICEF के 75 वर्ष पूरे होने पर भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।

बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ में UNICEF की प्रमुख सीमा कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v