CGPSC SI Exam: 12 जुलाई को सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा, रायगढ़ में 3 उड़नदस्ता दल तैनात

CGPSC SI Exam: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए रायगढ़ कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए तीन सदस्यीय उड़नदस्ता दल सह परिवहन अधिकारियों की नियुक्ति की है।

तीन उड़नदस्ता दल करेंगे निगरानी

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार परीक्षा के दौरान गठित तीनों उड़नदस्ता दल अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। इन दलों की जिम्मेदारी प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री का सुरक्षित परिवहन, परीक्षा केंद्रों की निगरानी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना होगी।

छह परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी तय

पहले उड़नदस्ता दल को पीएम शासकीय नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल, केएमटी शासकीय कन्या महाविद्यालय और सेठ किरोड़ीमल आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।

दूसरे दल को किरोड़ीमल शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चक्रधर नगर में परीक्षा व्यवस्था की निगरानी सौंपी गई है।

तीसरा दल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोष्टापारा में परीक्षा संचालन पर नजर रखेगा।

इसके अलावा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुश्री अंजू नायक को आरक्षित अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सुबह 7 बजे कोषालय पहुंचेंगे अधिकारी

कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी उड़नदस्ता दल परीक्षा दिवस पर सुबह 7 बजे जिला कोषालय पहुंचेंगे। यहां से वे प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्री प्राप्त कर निर्धारित समय से पहले संबंधित परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाएंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सीलबंद गोपनीय सामग्री वापस जिला कोषालय में जमा कराई जाएगी।

निष्पक्ष परीक्षा पर रहेगा प्रशासन का फोकस

जिला प्रशासन ने सभी नियुक्त अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना है ताकि अभ्यर्थियों को बेहतर परीक्षा वातावरण मिल सके। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v