जिले के खरसिया स्थित लखीराम ऑडिटोरियम में बुधवार को भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं ने संगठन और सत्ता के समन्वय को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि संगठन की ताकत से सरकार बनती है और सरकार के माध्यम से जनसेवा होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सत्ता सेवा का माध्यम है और संगठन सरकार की आंख-कान है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही सुशासन की आधारशिला है।
बैठक को संबोधित करते हुए बिलासपुर संभाग प्रभारी रामु रोहरा ने संगठन को डबल इंजन सरकार की ताकत बताते हुए मंडल और शक्ति केंद्रों को और सक्रिय बनाने पर जोर दिया। वहीं संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से लाभार्थी संपर्क अभियान को तेज करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
रायगढ़ जिला प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार और संगठन एक-दूसरे के पूरक हैं तथा आगामी निकाय और पंचायत चुनाव संगठन की परीक्षा होंगे। जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं का "ब्रांड एंबेसडर" बताते हुए सेवा, सुशासन और संगठन के मंत्र के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




