LPG News: केंद्र सरकार ने देशभर के कमर्शियल और औद्योगिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए कमर्शियल एलपीजी (Commercial LPG) की सप्लाई पर लगाए गए सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। इसके साथ ही एलपीजी की थोक खरीद (Bulk Purchase) को भी मध्य-पूर्व संकट से पहले के खपत स्तर के 50 प्रतिशत तक बहाल कर दिया गया है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि यह फैसला अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में सुधार और सप्लाई चेन सामान्य होने के बाद लिया गया है। सरकार के अनुसार अब देश में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति पहले की तरह सुचारु रूप से जारी रहेगी।
मंत्रालय के मुताबिक, मध्य-पूर्व में तनाव और होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) से मालवाहक जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण एहतियात के तौर पर एलपीजी की थोक आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाए गए थे। अब जहाजों की आवाजाही सामान्य होने और सप्लाई बहाल होने के बाद इन प्रतिबंधों को समाप्त कर दिया गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी की उपलब्धता अब संकट से पहले के स्तर पर पहुंच चुकी है। इसी वजह से कमर्शियल एलपीजी सप्लाई पर लागू सभी अस्थायी प्रतिबंध हटा दिए गए हैं। साथ ही उद्योगों और बड़े उपभोक्ताओं के लिए थोक खरीद को भी 50 प्रतिशत तक बहाल किया गया है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




