Raigarh News: पूर्व विधायक एवं जननेता स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर कमलम परिवार द्वारा उनकी स्मृति में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्थानीय गौरी शंकर मंदिर चौक से अग्रोहा भवन तक आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में समर्थकों, भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर श्रमदान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़क और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस अवसर पर स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल के जनसेवा और स्वच्छता के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
स्वच्छता के प्रति समर्पण को किया याद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल ने अपने राजनीतिक जीवन में जनहित और स्वच्छता को हमेशा प्राथमिकता दी। विशेष रूप से शहर में डेंगू के प्रकोप के दौरान उन्होंने स्वयं मैदान में उतरकर सफाई अभियान का नेतृत्व किया था।
उस समय उन्होंने अपने समर्थकों के साथ विभिन्न वार्डों में पहुंचकर नालों और नालियों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों का सकारात्मक असर शहर में देखने को मिला और आम नागरिकों को राहत मिली।
गूंजे ‘रोशन भैया अमर रहें’ के नारे
स्वच्छता अभियान के दौरान समर्थकों ने "स्वर्गीय रोशन भैया अमर रहें" के नारे लगाए। पूरे क्षेत्र में जननेता के प्रति सम्मान और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने कहा कि रोशनलाल अग्रवाल के आदर्श और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, गौतम अग्रवाल, गुरविंदर घई, पंकज कंकरवाल, मनीष सोलंकी, हरि सराफ, नवाब खान, बीना चौथा, विजय लक्ष्मी चौहान, नीतेश सोनी, प्रमोद शराफ, कमल मरार, बाबूलाल अग्रवाल, मुकेश यादव, अधीश रतेरिया, राहुल सोनी, राजेश जाटवर, मित्रमणि त्रिपाठी, सतीश पांडे, महेश जैन, राघवेंद्र सिंह, सानू ठाकुर, जुगनू सिंह, ए.के. सोम, ज्ञानु मोदी, लक्ष्मण चौहान, गोवर्धन सारथी, सुनील थाबाईत, कमल शर्मा और विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
जनसेवा के संकल्प का संदेश
कमलम परिवार के सदस्यों ने कहा कि स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल की जयंती को केवल स्मरण दिवस के रूप में नहीं, बल्कि जनसेवा और स्वच्छता के संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया है। अभियान का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना है।