CG News: परीक्षा देने जा रही BSc छात्रा की दर्दनाक मौत, पिता के सामने ट्रक ने कुचला

CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा अपने पिता के साथ परीक्षा देने जा रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी चौकी अंतर्गत सोन नदी पुल के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

परीक्षा केंद्र जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर निवासी गायत्री सिंह बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह अपने पिता कृपाल सिंह के साथ मोपेड पर सवार होकर पेंड्रा कॉलेज परीक्षा देने जा रही थी।

सोन नदी पुल के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोपेड को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गायत्री सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

पिता गंभीर रूप से घायल

हादसे में छात्रा के पिता कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक पुल पर ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान लापरवाही के चलते मोपेड को टक्कर लग गई और हादसा हो गया।

घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

गांव में पसरा मातम

परीक्षा देने निकली छात्रा की अचानक मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर चिंता जताई है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v