जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु और घायल किशोर एक ही गांव के निवासी थे। दोनों ने हाल ही में 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और एक ही स्कूल में पढ़ाई करते थे। परिवारों के बीच भी परिचय था और दोनों किशोर पहले अच्छे दोस्त बताए जा रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परीक्षा के दौरान हुई एक टिप्पणी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी पुराने विवाद के कारण शुक्रवार को दोनों के बीच फिर कहासुनी हो गई।
पुराना विवाद बना जानलेवा
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्कूल से लौटने के दौरान दोनों किशोर आमने-सामने आए। विवाद बढ़ने पर अमन घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले दूसरे किशोर पर हमला किया। बचाव के दौरान घायल किशोर ने चाकू छीन लिया और पलटवार कर दिया।
झड़प में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अमन यदु ने दम तोड़ दिया। दूसरे किशोर का उपचार जारी है।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
तिल्दा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों किशोरों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। घटना में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया गया है और सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं और उनके घर एक ही वार्ड में कुछ दूरी पर स्थित हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है, हालांकि स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
परिजनों में शोक, गांव में चर्चा
किशोर की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों छात्र पढ़ाई में सामान्य थे और किसी बड़े विवाद की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




