Raipur News: मौदहापारा में भीषण आग, जया ऑटोमोबाइल धू-धू कर जला

Raipur News: राजधानी रायपुर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र मौदहापारा में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जया ऑटोमोबाइल में अचानक भीषण आग लग गई। ऑटो पार्ट्स, टायर, प्लास्टिक सामग्री और ज्वलनशील लुब्रिकेंट्स के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके का आसमान काले धुएं के गुबार से ढक गया।

सुबह दुकान से उठने लगा धुआं, फिर भड़क गई आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह दुकान खुलने के कुछ समय बाद अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। चूंकि मौदहापारा का इलाका घनी आबादी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से घिरा हुआ है, इसलिए आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई।

आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

कई दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की दुकानों को खाली कराया और बिजली आपूर्ति बंद करवा दी।

दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लाखों रुपये के नुकसान की आशंका

जया ऑटोमोबाइल में बड़ी मात्रा में वाहन स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और विभिन्न प्रकार के तेल रखे हुए थे। आग में लाखों रुपये के सामान के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुराने बाजारों में फायर सेफ्टी पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर रायपुर के पुराने बाजार क्षेत्रों में फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले डूमरतराई के गोदामों, गुढ़ियारी स्थित विद्युत गोदाम, गोलबाजार और पंडरी मार्केट में भी आग की बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

व्यापारियों का कहना है कि पुराने बाजारों में संकरी गलियां, अव्यवस्थित वायरिंग और फायर सेफ्टी संसाधनों की कमी भविष्य में भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है।

प्रशासन अलर्ट, नुकसान का आंकलन जारी

मौदहापारा पुलिस, फायर विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पा लिया गया है और अब नुकसान का आकलन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v