आधी रात को पहुंचे दो नकाबपोश
जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्टर आशीष कुमार की सफेद रंग की नई Thar घर के बाहर खड़ी थी। सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दो नकाबपोश युवक मौके पर पहुंचे। उनके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी।
बदमाशों ने पहले वाहन पर पेट्रोल छिड़का और फिर आग लगाकर मौके से फरार हो गए। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और थार धू-धू कर जलने लगी।
CCTV फुटेज से तलाश शुरू
घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दो युवक वाहन के पास पहुंचते और आग लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
दमकल ने पाया आग पर काबू
वाहन में लगी भीषण आग को देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और पुलिस को दी गई। इसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
रंजिश के एंगल से जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या किसी सुनियोजित साजिश की आशंका जताई जा रही है। जिस तरीके से बदमाश पेट्रोल लेकर पहुंचे और योजना बनाकर आग लगाई, उससे घटना को सोची-समझी वारदात माना जा रहा है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि आवासीय इलाके में इस तरह की आगजनी की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




