CG News: राजधानी रायपुर में वर्ष 2025 में हुए 4 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमानाका थाना पुलिस ने करीब सात महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का मृतक बच्चे की मां के साथ कथित अवैध संबंध था और वह बच्चे को अपने रिश्ते में बाधा मानता था। इसी वजह से उसने मासूम की हत्या कर दी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2025 को आमानाका क्षेत्र में 4 वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। बच्चे को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे की मौत गला दबाने से हुई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की।
मां से संबंध, बच्चे को मानता था बाधा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी जयदीप सिंह (27) का बच्चे की मां के साथ करीबी संबंध था और उसका घर पर आना-जाना भी था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से यह तथ्य सामने आया कि आरोपी बच्चे को अपने संबंधों में रुकावट मानता था।
पुलिस के मुताबिक इसी कारण आरोपी ने मासूम की हत्या की और घटना के बाद फरार हो गया।
सात महीने बाद दबोचा गया आरोपी
डीसीपी पश्चिम, एडिशनल डीसीपी, एसीपी और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। तकनीकी निगरानी और मुखबिर सूचना के आधार पर 10 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




