Breaking News: 450 किलो गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़

Breaking News: धमतरी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 450 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक नाबालिग सहित सात अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।


मुखबिर की सूचना पर दो जगह एक साथ दबिश

अर्जुनी थाना और मेचका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा अलग-अलग वाहनों के जरिए अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-30 और श्यामतराई वनोपज जांच नाके पर नाकेबंदी की।

पहली कार्रवाई में एक संदिग्ध कार और पिकअप वाहन को रोका गया, जिनकी तलाशी में फोम की परतों के बीच छिपाकर रखा गया 400 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।


भवानीपटना से गुजरात तक फैला नेटवर्क

दूसरी कार्रवाई में मेचका पुलिस ने ओडिशा के भवानीपटना से गुजरात जा रही एक हुंडई कार को घेराबंदी कर पकड़ा। वाहन से 44 किलो गांजा बरामद किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क ओडिशा से गांजा खरीदकर उसे गुजरात के औद्योगिक शहरों में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए सक्रिय था।


अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल

इस पूरे मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में गुजरात के समीर खमीसा सिंधी (मोरबी) और मोहम्मद रफीक (जामनगर) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी लंबे समय से तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए थे।


कानूनी कार्रवाई और जांच जारी

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद वाहनों और गांजे को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य लिंक, सप्लाई चैन और फाइनेंसिंग रूट की जांच कर रही है ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v