Raipur Crime News: रायपुर में बाइक सवार बदमाशों ने 10 लाख की नकदी लेकर जा रहे गैस एजेंसी मैनेजर से लूट

Raipur Crime News: राजधानी रायपुर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े 10 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डगनिया बाजार के पास गैस एजेंसी के मैनेजर से नकदी से भरा बैग छीनकर तीन नकाबपोश बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शहरभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। डगनिया बाजार के पास हुई वारदात जानकारी के अनुसार महोबा बाजार निवासी श्रवण साहू एक गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को वे एजेंसी के भुगतान की राशि लेने अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय पहुंचे थे। वहां से लगभग 10 लाख रुपये नकद लेकर अपनी कार से टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान डगनिया बाजार के पास बाइक सवार तीन युवक अचानक उनकी कार के सामने आ गए और वाहन रुकवा लिया। मारपीट कर छीन लिया नकदी से भरा बैग कार रुकते ही बदमाशों ने श्रवण साहू के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपी कार के अंदर रखा नकदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। कुछ ही सेकंड में तीनों बदमाश बाइक से मौके से भाग निकले। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पहले से रेकी किए जाने की आशंका पुलिस की शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि आरोपियों को नकदी ले जाने की पहले से जानकारी थी। जिस सटीक तरीके से बदमाश सीधे कार तक पहुंचे और रकम से भरा बैग लेकर फरार हुए, उससे रेकी किए जाने की आशंका मजबूत हो गई है। जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी काम कर रही हैं कि कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति द्वारा सूचना तो साझा नहीं की गई थी। स्कार्फ से ढंका था चेहरा पीड़ित श्रवण साहू के मुताबिक तीनों बदमाशों ने अपना चेहरा स्कार्फ से ढंक रखा था। इस कारण वे आरोपियों की पहचान नहीं कर सके। घटना के दौरान आरोपी इतनी तेजी से आए और भाग निकले कि उनके हुलिए के बारे में ज्यादा जानकारी भी नहीं मिल सकी। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गौतम गावड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी। पुलिस शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और निकास मार्गों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। शहरभर में नाकेबंदी वारदात के बाद रायपुर के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल राजधानी में दिनदहाड़े 10 लाख रुपये की लूट की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से व्यापारियों और आम नागरिकों में भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का कोई संगठित गिरोह से संबंध तो नहीं है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v