Raigarh News: रायगढ़ जनदर्शन में पेंशन से पुलिया तक पहुंचीं शिकायतें, ADM ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

Raigarh News: जिला कलेक्टोरेट परिसर में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पेंशन, जल निकासी, पुलिया निर्माण, स्वास्थ्य सुविधा और कॉलेज से जुड़े मामलों को लेकर आवेदन सौंपे। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आयोजित जनदर्शन में ADM अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन

खरसिया तहसील के ग्राम बगडेवा निवासी 64 वर्षीय लालाराम राम गबेल ने वृद्धावस्था पेंशन की मांग को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण अब मजदूरी करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में पेंशन उनके लिए आर्थिक सहारे का महत्वपूर्ण माध्यम होगी।

इसी तरह जनपद पंचायत पुसौर के ग्राम पड़िगांव निवासी भागीरथी प्रधान, श्याम लाल खम्हारी और नित्यानंद प्रधान ने भी वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन के समक्ष आवेदन रखा।

घर का पानी मकान की ओर आने की शिकायत

खरसिया तहसील के ग्राम कुर्रुभांठा निवासी उर्मिला यादव ने पड़ोसी के पक्के मकान से निकलने वाले पानी की निकासी को लेकर शिकायत की।

उन्होंने बताया कि पड़ोसी के घर से निकलने वाला पानी उनके मकान की ओर आ रहा है, जिससे उनके मकान को नुकसान पहुंच रहा है। इस समस्या का विरोध करने पर विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनने की बात भी उन्होंने कही।

उर्मिला यादव ने प्रशासन से मामले की जांच कर जल निकासी की समस्या का उचित समाधान कराने की मांग की।

पुलिया निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल

जनपद पंचायत लैलूंगा के क्षेत्र क्रमांक 7 राजपुर के जनपद सदस्य सदानंद निषाद ने ग्राम पंचायत बगुडेगा के लखनपारा मार्ग पर बनाए गए पुलिया निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की।

उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण मद से निर्मित पुलिया का निर्माण स्तरहीन और गुणवत्ता-विहीन है। जनपद सदस्य ने निर्माण कार्य की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

पटेलपाली में स्वास्थ्य सुविधा की मांग

ग्राम पटेलपाली के ग्रामीणों ने गांव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में दो उप स्वास्थ्य केंद्र मौजूद हैं, लेकिन वहां पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसके कारण लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।

ग्रामीणों ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की परेशानी का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें उपचार के लिए दूसरे स्थानों के अस्पतालों में जाना पड़ता है। उन्होंने गांव में नियमित और पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

कॉलेज छात्रा ने परिणाम को लेकर शिकायत की

मां मंगला कॉलेज की छात्रा कुमारी जमुना पटेल ने कॉलेज प्रशासन पर परीक्षा परिणाम और पंजीयन प्रक्रिया पूरी नहीं करने का आरोप लगाते हुए जनदर्शन में आवेदन दिया।

छात्रा ने बताया कि उन्होंने निर्धारित नियमों के अनुसार पढ़ाई और परीक्षा पूरी कर ली है, लेकिन अब तक परिणाम और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इसके चलते आगे की पढ़ाई, नौकरी और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में शामिल होने में परेशानी होने की बात उन्होंने कही।

उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान कराने की मांग की।

ADM ने अधिकारियों को दिए निर्देश

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए ADM अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v