Thursday, February 5, 2026
HomeRaigarh NewsRaigarh News: ओपी चौधरी ने गज़मार पहाड़ी पर विशाल हनुमान प्रतिमा के...

Raigarh News: ओपी चौधरी ने गज़मार पहाड़ी पर विशाल हनुमान प्रतिमा के निर्माण के लिए की अपील

Raigarh News: गज़मार पहाड़ी में प्रदेश की सबसे बड़ी हनुमान प्रतिमा के निर्माण को लेकर रायगढ़ में जनसहयोग की लहर दौड़ गई है। पूर्व आईएएस और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा— “चुनाव के बाद पहली बार मैं झोली फैलाकर जनता से सहयोग मांग रहा हूं। यह धन संग्रह नहीं, भावनाओं का संग्रह है।”

उन्होंने कहा कि दानवीर सेठ किरोड़ीमल की इस नगरी में उदारता की परंपरा रही है। इस प्रतिमा के निर्माण में हर घर से सहयोग की उम्मीद है ताकि आने वाली पीढ़ी जब इस विशाल प्रतिमा को देखे, तो गर्व से कहे कि उनके पुरखों ने इसके निर्माण में योगदान दिया था।

ओपी चौधरी ने खुद 101 रुपये का दान देकर मुहिम की शुरुआत की, जबकि महापौर ने 51 रुपये का सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि “दान नगद नहीं, खाते में लिया जाएगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे।” मोदी सरकार द्वारा राम मंदिर निर्माण में हुए जनसहयोग का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि “हनुमान प्रतिमा भी लोगों की आस्था और एकता का प्रतीक बनेगी।”

समिति गठन और जिम्मेदारी

हनुमान प्रतिमा निर्माण हेतु 108 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी डॉ. पवन अग्रवाल को सौंपी गई है, जिन्हें ओपी चौधरी ने समर्पित कार्यकर्ता बताया।

रिटायर्ड महिला ने दी तीन लाख की पेंशन राशि

रिटायर्ड महिला उर्मिला गुप्ता ने अपनी पेंशन की राशि से 3 लाख रुपये का दान देकर सभी को भावुक कर दिया। ओपी चौधरी ने कहा— “यह मातृशक्ति के हनुमंत प्रेम और त्याग की मिसाल है। आने वाली पीढ़ी इसे प्रेरणा के रूप में देखेगी।”

उर्मिला गुप्ता ने उद्यान विभाग में 40 साल सेवा दी है और पिछले चार वर्षों से गज़मार पहाड़ी मंदिर में अष्टप्रहरी पूजा का आयोजन करती रही हैं।

शहर में बढ़ता जनसहयोग

ओपी चौधरी की भावनात्मक अपील के बाद सुनील लेंध्रा, अनूप बंसल, और कई समाजसेवी संस्थाओं, महिला संगठनों, रोटरी व लायंस क्लब जैसी संस्थाओं ने भी खुलकर दान दिया।

विकास और विश्वास दोनों में आगे रायगढ़

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की जनता के वोट ने विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने बताया कि जनता द्वारा दिए गए हर वोट से नालंदा परिसर, ऑक्सीजन मेरिन ड्राइव, खर्रा घाट पुलिया, किसान राइस मिल ऑक्सीजन ज़ोन, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, फोरलेन सड़कें और चांदनी चौक पुलिया जैसे कई कार्य पूरे हुए हैं। कई प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं, जबकि कुछ के टेंडर जारी हो चुके हैं।

उन्होंने कहा— “कुछ लोग समाज में नेगेटिव माहौल बनाना चाहते हैं, लेकिन हमारी सरकार सबको साथ लेकर चलने वाली है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।”

सर्व समाज की एकजुटता

हनुमान प्रतिमा निर्माण समिति की बैठक में अग्र, सिंधी, सिख, अघरिया, राजपूत, ब्राह्मण, साहू, गुजराती, उडिया, तेलुगु, जायसवाल, यादव, ठाकुर, नेपाली, महिला संगठन, रोटरी क्लब, लायंस क्लब और कई समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

महामंत्री विकास केडिया के प्रयासों की सराहना

ओपी चौधरी ने कहा कि महामंत्री विकास केडिया और उनकी पूरी टीम ने इस कार्य को गति देने में अहम भूमिका निभाई है।

रायगढ़ की नई पहचान

व्यवसायी मुकेश जैन ने कहा कि रायगढ़ को नई पहचान दिलाने में ओपी चौधरी उम्मीदों के नायक बने हैं। उन्होंने कहा कि शहर सिर्फ सड़कों और पुलों से नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिकता से जीवंत बनता है। गज़मार पहाड़ी पर हनुमान प्रतिमा का निर्माण इसी दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

भारत की प्रमुख हनुमान प्रतिमाएं

देश में मौजूद प्रमुख हनुमान प्रतिमाएं इस प्रकार हैं –

  • मदापम, श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश): 176 फीट

  • मानव भारती विश्वविद्यालय, सोलन (हिमाचल): 151 फीट

  • परिताला, विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश): 135 फीट

  • जाखू मंदिर, शिमला: 108 फीट

  • त्रिवेणी हनुमान मंदिर, फरीदाबाद: 108 फीट

  • करोल बाग, दिल्ली: 108 फीट

  • नंदुरा, महाराष्ट्र: 105 फीट

  • इंदौर, मध्य प्रदेश: 71 फीट

रायगढ़ की गज़मार पहाड़ी में प्रस्तावित हनुमान प्रतिमा इन सभी में शामिल होकर छत्तीसगढ़ को धार्मिक पर्यटन के नए नक्शे पर लाने वाली है।

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v

साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments