Raigarh News: ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक उत्तरदायित्व इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं को व्यापक सहयोग प्रदान किया गया है। इस पहल के तहत संयंत्र के परिधीय क्षेत्रों और रेल परियोजना से जुड़े गांवों में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए खेल सामग्री का वितरण किया गया, जिससे ग्रामीण अंचल में खेलों को लेकर नया उत्साह देखने को मिला है।
अदाणी फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी खेल प्रतिभा को मंच देना और भविष्य के लिए उन्हें अनुशासित एवं आत्मविश्वासी बनाना है। कार्यक्रम से जुड़े युवाओं और ग्रामीण प्रतिनिधियों ने इसे ग्रामीण खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
ग्राम स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं को मिला संसाधनों का संबल
अदाणी फाउंडेशन द्वारा विभिन्न गांवों में आयोजित ग्राम स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए बैट, बॉल, स्टंप, जर्सी सहित संपूर्ण क्रिकेट किट उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन हेतु टेंट और अन्य आवश्यक सामग्री का भी सहयोग दिया गया।
बड़ेभंडार, सरवानी, अमलीभौना, बरपाली, गेजामुड़ा, कुरमापाली, काशीचुवा सहित कई गांवों में इस सहयोग का सीधा लाभ स्थानीय युवाओं को मिला। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, खेल सामग्री की उपलब्धता से अब ग्रामीण स्तर पर प्रतियोगिताएं अधिक व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो पा रही हैं और युवा खिलाड़ी बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने का आत्मविश्वास भी जुटा पा रहे हैं।
500 से अधिक ग्रामीण युवा हुए लाभान्वित
इस खेल प्रोत्साहन कार्यक्रम से लगभग 500 से अधिक ग्रामीण युवा खिलाड़ी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। युवाओं का कहना है कि पहले संसाधनों के अभाव में नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताएं आयोजित करना मुश्किल होता था, लेकिन अब खेल सामग्री मिलने से न केवल अभ्यास में निरंतरता आई है, बल्कि टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक सोच भी विकसित हो रही है।
ग्रामीण युवाओं ने अदाणी फाउंडेशन के इस प्रयास को खेल के माध्यम से भविष्य निर्माण की दिशा में उपयोगी बताया।
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से श्री ओमप्रकाश गुप्ता (सरपंच, बड़ेभंडार), श्री संजय मैत्री (सरपंच, बरपाली), श्री ओशराम सिदार (अमलीभौना), श्री अशोक सिदार (सरपंच, छोटे भंडार), श्री योगेश चौहान (युवा नेता), श्री फणीन्द्र सिदार (सरवानी), श्री दिनेश पटेल (सरपंच, गेजामुड़ा) और श्री राम भगत निषाद (सरपंच, काशीचुवा) सहित अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि अदाणी फाउंडेशन का यह प्रयास ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को नशा व नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने में सहायक सिद्ध होगा।
पुसौर विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता को भी मिला सहयोग
अदाणी फाउंडेशन द्वारा पुसौर विकासखंड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता को भी सहयोग प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में फाइनल तक पहुंचने वाली दोनों टीमों को जर्सी और खेल सामग्री दी गई, वहीं आयोजन स्थल पर आवश्यक टेंट और व्यवस्थाओं का भी प्रबंध किया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस सहयोग से प्रतियोगिता का स्तर बेहतर हुआ और खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया।
गर्ल्स कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम से उभर रहीं ग्रामीण बेटियां
खेलों में केवल बालकों ही नहीं, बल्कि ग्रामीण बालिकाओं को भी आगे बढ़ाने के लिए अदाणी फाउंडेशन, रायगढ़ द्वारा पिछले तीन वर्षों से गर्ल्स कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अब तक इस कार्यक्रम के तहत 180 से अधिक स्कूली बालिकाएं प्रशिक्षित हो चुकी हैं।
इन बालिकाओं ने विभिन्न जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। चक्रधर समारोह महिला कबड्डी टूर्नामेंट में टीम ने वर्ष 2023-24 और 2024-25 में लगातार विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि 2024-25 में टीम उपविजेता रही।
जिला और राष्ट्रीय स्तर पर रायगढ़ का नाम रोशन
वर्तमान वर्ष में अदाणी फाउंडेशन की प्रशिक्षित टीम ने घरघोड़ा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए जशपुर को फाइनल में हराकर चैंपियन का खिताब जीता। कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 33 बालिकाओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हो चुका है।
ग्रामीण क्षेत्र की भूमिका सिदार, बीना सिदार और सान्या यादव का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना रायगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से मिला नया मंच
कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम बड़ेभंडार स्थित हाई स्कूल परिसर में एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। यहां खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं के साथ राष्ट्रीय स्तर के कोचों द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मजबूत मंच मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v
साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814



Recent Comments