Raigarh News: जिले में वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए घर पर चल रहे अवैध आरा मिल का पर्दाफाश किया है। मामला रेंगालपाली सर्किल अंतर्गत ग्राम बरपाली के डीपापारा का है, जहां एक युवक अपने ही घर में ईमारती लकड़ियों की अवैध चिराई का काम कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा बिना अनुमति के आरा मिल चलाया जा रहा है। इसके बाद उड़न दस्ते समेत विभाग की टीम ने देर रात मौके पर दबिश दी। जब टीम घर पहुंची तो वहां अलग-अलग प्रजातियों की लकड़ियां चीरने के लिए रखी हुई थीं और एक बड़ी मशीन लकड़ी चीरने के काम में लगी थी।

छापेमारी के दौरान टीम ने आरोपी युवक जगदीश बसंत से आरा मिल संचालन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन उसके पास किसी भी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं था। ऐसे में वन विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए लकड़ी चीरने की मशीन को उखाड़कर जब्त कर लिया। साथ ही, मौके पर मिली लकड़ियों की मात्रा और प्रजातियों का आंकलन किया जा रहा है।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध रूप से चल रही आरा मिलों और अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि जंगल की संपत्ति को बचाने के लिए विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों ने भी वन विभाग की तत्परता की सराहना की है। अधिकारी अब जांच कर रहे हैं कि आरोपी लकड़ी कहां से ला रहा था और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
वन विभाग जल्द ही इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगा।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v
साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814



Recent Comments