रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप संचालित श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत रायगढ़ जिले से 110 तीर्थयात्रियों का दसवां जत्था आज अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इसमें 93 यात्री ग्रामीण अंचल से और 17 यात्री नगरीय क्षेत्र से शामिल हुए।

रायगढ़ से रवाना करने से पहले यात्रियों को शुभकामनाएं दी गईं। उत्साह से भरे तीर्थयात्रियों ने जय श्रीराम के उद्घोष के बीच बसों द्वारा बिलासपुर स्टेशन के लिए प्रस्थान किया, जहां से विशेष रेलगाड़ी उन्हें अयोध्या ले जाएगी।
डिप्टी कलेक्टर व नोडल अधिकारी धनराज मरकाम ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक यात्री को नि:शुल्क यात्रा, भोजन और आवास की सुविधा दी गई है। साथ ही पूरी यात्रा की देखरेख के लिए विभागीय कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।

तीर्थयात्रियों ने कहा कि इस योजना ने उन्हें जीवन में श्रीरामलला के दर्शन करने का अवसर दिया, जिसे वे सौभाग्य मानते हैं। सभी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार का आभार जताया। इस मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v



Recent Comments