Raigarh HIV Alert: HIV मामलों में तेजी,सक्रिय मरीजों की संख्या 746 पहुंची, 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चे भी संक्रमित

Raigarh HIV Alert: रायगढ़ जिले में एचआईवी संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में सक्रिय एचआईवी मरीजों की संख्या बढ़कर 746 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नए मामलों के साथ नाबालिग बच्चों में संक्रमण की पुष्टि भी हुई है, जिससे स्थिति और गंभीर मानी जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) अनिल जगत ने आंकड़ों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में संक्रमण के मामलों में पिछले कुछ वर्षों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 और 2023 में 77-77 नए मामले सामने आए थे, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 125 और 2025 में 193 तक पहुंच गई। वर्ष 2022 से पहले के पुराने मामलों को जोड़ने पर मार्च 2026 तक कुल मरीजों की संख्या 691 थी, जो अब बढ़कर 746 हो गई है। विभाग के अनुसार नए सेशन 2026-27 (अप्रैल से अब तक) में ही 18 नए मरीज सामने आए हैं। नाबालिगों में भी संक्रमण, निगरानी बढ़ी स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में भी एचआईवी संक्रमण के मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर लगभग 16 तक पहुंच गई है। इससे पहले यह संख्या 13 थी, जिसमें तीन नए मामले जुड़े हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बच्चों में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद संवेदनशील क्षेत्रों और स्लम बस्तियों में विशेष निगरानी बढ़ाई जा रही है। संक्रमण के कारणों पर चिंता विभाग का मानना है कि संक्रमण फैलने के पीछे नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली इंजेक्शन सुइयों का साझा उपयोग और असुरक्षित व्यवहार प्रमुख कारण हो सकते हैं। यदि इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में मामलों में और वृद्धि संभव है। लक्षण और जागरूकता एचआईवी संक्रमण में शुरुआती लक्षणों में अत्यधिक थकान, लगातार बुखार, वजन में तेजी से गिरावट, त्वचा संबंधी बदलाव और मुंह या जननांगों पर छाले शामिल हो सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि एचआईवी छूने, साथ रहने, भोजन साझा करने या सामान्य सामाजिक संपर्क से नहीं फैलता है। यह केवल संक्रमित रक्त, असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई या मां से बच्चे में प्रसव के दौरान फैल सकता है। स्वास्थ्य विभाग की तैयारी प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और निगरानी तेज कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की गलत जानकारी से बचें और जांच व उपचार के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करें। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v