Korba News: शादी के लिए कोयंबटूर गए थे डॉक्टर, लौटने के बाद गुमसुम रहने लगे, कोरबा आवास में मृत मिले

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा में ईएसआईसी अस्पताल के 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 29 अगस्त की शाम अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास में उनका शव मिला। सुबह ओपीडी में ड्यूटी होने के बावजूद जब वे अस्पताल नहीं पहुंचे और कर्मचारियों के फोन का जवाब नहीं मिला, तो स्टाफ उनके आवास पर पहुंचा। अंदर से प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद दरवाजा खोलकर देखा गया, जहां डॉक्टर मृत मिले।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ी परिस्थितियों की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन शादी के सिलसिले में अगस्त में कोयंबटूर गए थे, जहां दोनों परिवारों से मुलाकात और शादी के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी हुई थी। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया।

सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे डॉक्टर

डॉ. एल्विन की शनिवार सुबह 9 बजे ईएसआईसी अस्पताल की ओपीडी में ड्यूटी थी। निर्धारित समय पर उनके अस्पताल नहीं पहुंचने पर स्टाफ ने फोन किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने के बाद कर्मचारियों की चिंता बढ़ी।

शाम करीब 4 बजे कर्मचारी उनके आवास पर पहुंचे। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया। इसके बाद बाथरूम में डॉक्टर मृत मिले। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

अगस्त में शादी की तैयारी थी

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से संबंध था। दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार शादी के लिए तैयार थे।

डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। वहां उन्होंने दो दिन होटल में रुककर युवती की मां और भाई से मुलाकात की थी। 12 अगस्त को पालक्काड के एक चर्च में शादी के लिए आवेदन भी किया गया था।

इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद रिश्ता टूट गया और डॉ. एल्विन कोरबा लौट आए। परिजनों और पुलिस के अनुसार, लौटने के बाद से वह गुमसुम रहने लगे थे।

पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल पर जांच

घटना के बाद पुलिस ने मौके की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मौत से पहले उनके साथ क्या परिस्थितियां बनी थीं।

हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

केरल के पालक्काड के रहने वाले थे

डॉ. एल्विन वे मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने तमिलनाडु के कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में हुई थी। अस्पताल परिसर में ही उन्हें कर्मचारी आवास मिला था, जहां वह अकेले रहते थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके माता-पिता भी कोरबा पहुंचे। बताया गया कि घटना से कुछ दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपने माता-पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कहते हुए कोरबा बुलाया था।

मर्ग कायम कर जांच जारी

सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा पहलू सामने आया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v