रायगढ़। बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान की शुरुआत शहर में जोश और उत्साह के साथ हुई। महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू और नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने स्वच्छता रथ और कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
नगर निगम कार्यालय से शुरू हुई यह रैली सुभाष चौक, गद्दी चौक, हंडी चौक, घड़ी चौक, सतीगुड़ी चौक, एसपी कार्यालय चौक होते हुए वापस निगम कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में स्वच्छता रथ, 7 मिनी टिपर वाहन, बाइक सवार अधिकारी-कर्मचारी और शहर की स्वच्छता के प्रतीक ‘अप्पू राजा’ शामिल थे।
लाउडस्पीकर के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि कचरा कहीं भी न फेंकें और केवल निगम के स्वच्छता वाहनों या स्वच्छता दीदियों के रिक्शा में ही दें। दुकानदारों और ठेला-गुमटी संचालकों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने की सलाह दी गई। महापौर चौहान ने शहरवासियों को हर सप्ताह एक निश्चित समय स्वच्छता के लिए निकालने और दूसरों को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
अप्पू राजा ने चौक-चौराहों पर दुकानदारों से हाथ मिलाकर सहयोग की अपील की। अप्पू राजा के साथ सेल्फी लेते हुए लोग उत्साहित नजर आए और शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन प्रेरक प्रहलाद तिवारी, विकास पटेल, सिटी प्रबंधक शुभम शर्मा, सफाई दरोगा, स्वच्छता सुपरवाइजर और नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v



Recent Comments