छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर सार्वजनिक रूप से अश्लीलता फैलाने और भीड़ जुटाने के आरोप में पुलिस व प्रशासन ने मिलकर एक बड़ा अभियान चलाया, जिसके तहत अब तक 14 आयोजकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सिस्टम में हलचल मच गई और प्रशासन ने तत्काल कई स्तरों पर कार्रवाई की।
अश्लील डांस मामला गरमाया, 14 आयोजक गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति के नाम पर डांसरों द्वारा अश्लील डांस किया गया और दर्शकों की भीड़ में कई लोग नोट उड़ाते दिखाई दिए। पुलिस ने शांति भंग और सार्वजनिक अश्लीलता फैलाने की धाराओं में देवेंद्र राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू, हसन खान, हरदयाल नागेश, मुकेश अग्रवाल, लाल कृष्ण कश्यप, राजेश कश्यप, सचिन कश्यप (24), लीलाधर साहू, ललित कौशिक, विकास यादव, जम्बूधर और उमेश यादव को गिरफ्तार किया है। इनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
आज होगी आरोपियों की एसडीएम कोर्ट में पेशी
पुलिस ने जानकारी दी कि गिरफ्तार सभी 14 आरोपियों को आज देवभोग एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता फैलाने वाले, कानून व्यवस्था बाधित करने वाले और सांस्कृतिक आयोजनों की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पर गिरी गाज — तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
घटना की गंभीरता और वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग में भी कार्रवाई तेज हो गई। एसपी बीएस उईके ने कार्यक्रम स्थल पर लापरवाही बरतने और स्थिति पर नियंत्रण नहीं करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
एसडीएम कार्यमुक्त — वीडियो में नोट उड़ाते हुए दिखे
इस मामले में सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई मैनपुर एसडीएम पर हुई है। वायरल हुए वीडियो में एसडीएम को डांसर पर नोट उड़ाते हुए देखा गया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल उन्हें कार्यमुक्त कर दिया। इसके बाद मैनपुर क्षेत्र में एसडीएम का प्रभार देवभोग एसडीएम राम सिंह सोरी को सौंपा गया है। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक जवाबदेही पर भी सवाल उठाए और साफ संदेश दिया कि सरकारी अफसर भी नियमों से ऊपर नहीं हैं।
एसपी ने दी चेतावनी — कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं
एसपी बीएस उईके ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चार मुख्य आयोजकों पर एफआईआर दर्ज की गई है और मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
संयुक्त जांच टीम गठित — जल्द आएगी रिपोर्ट
मामले की पूरी जांच सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर की अगुवाई में एक संयुक्त जांच टीम बनाई है। जांच टीम में अमलीपदर तहसीलदार और देवभोग थाना प्रभारी को शामिल किया गया है। टीम को जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
भविष्य में सख्त निगरानी — अनुमति प्रक्रिया में भी बदलाव के संकेत
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुमति प्रक्रिया को और कड़ा किया जाएगा। साथ ही निगरानी तंत्र को मजबूत करने की भी बात कही गई है ताकि सांस्कृतिक आयोजन के नाम पर अश्लीलता, शराब, जुए या कानून व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों को रोका जा सके।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v
साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814



Recent Comments