Chhattisgarh TET News: 80 हजार शिक्षकों को राहत, अब 31 अगस्त 2028 तक पास कर सकेंगे TET, सुप्रीम कोर्ट की समय सीमा बढ़ी

Chhattisgarh TET News: छत्तीसगढ़ के 80 हजार से अधिक प्राथमिक और मिडिल स्कूल शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर बड़ी राहत मिली है। अब 3 सितंबर 2001 से 23 अगस्त 2010 के बीच नियुक्त शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक TET उत्तीर्ण करने का अवसर मिलेगा। इससे पहले अंतिम तिथि 31 अगस्त 2027 निर्धारित थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने बढ़ा दिया है।

80 हजार से अधिक शिक्षक होंगे प्रभावित

प्रदेश में कुल 80,491 शिक्षक इस दायरे में आते हैं। इनमें अविभाजित राजनांदगांव जिले के करीब 5 हजार शिक्षक भी शामिल हैं। यदि निर्धारित समय सीमा तक TET पास नहीं किया गया, तो संबंधित शिक्षकों की सेवा पर प्रभाव पड़ सकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी TET से छूट

सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को भी TET से छूट नहीं मिलेगी। इस संबंध में दायर पुनर्विचार याचिका भी खारिज हो चुकी है। हालांकि कोर्ट ने शिक्षकों को राहत देते हुए परीक्षा पास करने की समय सीमा एक वर्ष बढ़ाकर 31 अगस्त 2028 कर दी।

50 वर्ष से अधिक उम्र के शिक्षकों की बढ़ी चिंता

TET के दायरे में आने वाले अधिकांश शिक्षक 50 वर्ष से अधिक आयु के हैं, जबकि कई 54-55 वर्ष के भी हैं। लंबे समय बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना उनके लिए चुनौती बन गया है। शिक्षक संगठनों का कहना है कि नियमित रूप से परीक्षा नहीं होने और कठिन प्रश्नों के कारण अनुभवी शिक्षकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

नियमित TET कराने की मांग

शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि राज्य सरकार मिशन मोड में हर तीन-चार महीने के अंतराल पर TET आयोजित करे, ताकि सभी शिक्षक समय सीमा के भीतर परीक्षा पास कर सकें। साथ ही सेवाकालीन (In-Service) शिक्षकों के लिए अलग विभागीय पात्रता परीक्षा आयोजित करने की भी मांग उठाई गई है।

इन जिलों में सबसे अधिक शिक्षक

TET के दायरे में आने वाले शिक्षकों की सबसे अधिक संख्या कोंडागांव (5,334) में है। इसके बाद बलौदाबाजार (4,535), महासमुंद (4,486), सरगुजा (4,328) और रायगढ़ (4,207) का स्थान है। वहीं सबसे कम शिक्षक मुंगेली (245), रायपुर (378), एमसीबी (478), सुकमा (658) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (862) में हैं।

सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख निर्देश

  • TET शिक्षक बनने और सेवा में बने रहने की अनिवार्य योग्यता है।
  • 2001 से 2010 के बीच नियुक्त शिक्षकों को TET पास करना होगा।
  • पांच वर्ष से अधिक सेवा शेष रहने वाले शिक्षकों के लिए TET अनिवार्य रहेगा।
  • पांच वर्ष से कम सेवा शेष शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ नहीं मिलेगा। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v