Chhattisgarh Ebola Alert: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। कांगो, युगांडा और इथियोपिया से लौटे तीन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को एहतियातन 21 दिनों के होम आइसोलेशन में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी यात्री में संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन सुरक्षा के तौर पर निगरानी जारी है।
अफ्रीकी देशों से लौटे यात्रियों पर निगरानी
जानकारी के अनुसार, एक महिला यात्री 31 मई को कांगो से दुर्ग पहुंची थी, जबकि दो अन्य यात्री 2 जून को इथियोपिया और युगांडा से भिलाई लौटे हैं।
एयरपोर्ट पर की गई प्रारंभिक जांच और स्क्रीनिंग में किसी भी प्रकार के संक्रमण का संकेत नहीं मिला था। साथ ही, इनके किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने का इतिहास भी सामने नहीं आया है।
21 दिनों का होम आइसोलेशन, लगातार निगरानी
स्वास्थ्य विभाग ने अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत सभी तीनों यात्रियों को 21 दिन के होम आइसोलेशन में रखा है।
उनकी नियमित मॉनिटरिंग के लिए स्वास्थ्य टीम सुबह और शाम फोन के माध्यम से स्वास्थ्य अपडेट ले रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम सक्रिय कर दी गई है।
इस टीम में सर्विलांस अधिकारी, टीकाकरण अधिकारी, मलेरिया विशेषज्ञ और महामारी नियंत्रण टीम शामिल है।
क्या है इबोला वायरस
इबोला एक गंभीर वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थ, रक्त या दूषित वस्तुओं के संपर्क से फैलता है। यह मुख्य रूप से अफ्रीकी देशों में पाया जाता है और अत्यधिक घातक माना जाता है।
लक्षणों पर विशेष नजर
इबोला संक्रमण में बुखार, तेज कमजोरी, उल्टी, पेट दर्द, जोड़ों में दर्द, सिरदर्द और गंभीर डायरिया जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
कैसे होता है संक्रमण
यह वायरस सीधे संक्रमित व्यक्ति के संपर्क, शरीर के तरल पदार्थ या दूषित वस्तुओं के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की सावधानियां
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही कहा गया है कि—
संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखें
नियमित हाथ धोएं और सैनिटाइजर का उपयोग करें
अस्पतालों या जोखिम वाले स्थानों पर मास्क और ग्लव्स का प्रयोग करें
किसी भी संदिग्ध लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं
अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v