CG Road Accident: बाबा बछराज कुंवर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई, 1 की मौत, 7 घायल

CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाबा बछराज कुंवर धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार मानिकपुर जंगल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, झारखंड के गढ़वा जिले के चिनिया गांव के श्रद्धालु अर्टिगा कार से बाबा बछराज कुंवर धाम में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद सभी अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर जंगल के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार तेज रफ्तार में पेड़ से जा टकराई।

एक श्रद्धालु की मौके पर मौत

हादसे में जितन तुरी (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेश तुरी (38), संदीप तुरी (20), जयप्रकाश यादव (32), विनोद तुरी (35), प्रभुनाथ (65), अनिल तुरी (31) और सुनी तुरी घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया गया।

दो घायलों की हालत गंभीर

बताया जा रहा है कि वाहन मालिक जयप्रकाश यादव स्वयं कार चला रहे थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा राजेश तुरी की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। दोनों घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने एक श्रद्धालु की मौत की पुष्टि की है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v