Thursday, February 5, 2026
HomeRaigarh NewsCG News: पत्रकारों को धमकी देने वाले मजदूर नेता पिंटू सिंह के...

CG News: पत्रकारों को धमकी देने वाले मजदूर नेता पिंटू सिंह के खिलाफ रायगढ़ के पत्रकार लामबंद, SP से करेंगे शिकायत

CG News। रायगढ़ शहर में एक बार फिर पत्रकार सुरक्षा का मुद्दा गर्मा गया है। मजदूर नेता पिंटू सिंह द्वारा स्थानीय पत्रकारों को धमकी देने के बाद अब पूरे शहर के पत्रकार उसके खिलाफ लामबंद हो गए हैं। पत्रकारों ने सोमवार दोपहर 1 बजे पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत देने और सख्त कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया है।

धमकी भरे वीडियो से भड़का पत्रकार समुदाय

मिली जानकारी के अनुसार, कोतरारोड निवासी मजदूर नेता पिंटू सिंह, जो खुद को मजदूर संगठन का नेता बताता है, ने बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उसने रायगढ़ के चार पत्रकारों — अमित पांडे, राजा खान, प्रशांत तिवारी और एक अन्य पत्रकार — को जान से मारने और बुरे परिणाम भुगतने की धमकी दी।
इस वीडियो के सामने आने के बाद पत्रकार बिरादरी में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। सभी ने इस घटना को पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला बताया है।

SP से मिलकर करेंगे कार्रवाई की मांग

पत्रकार समुदाय ने निर्णय लिया है कि सोमवार, 6 अक्टूबर 2025 को दोपहर 1 बजे, वे सामूहिक रूप से SP रायगढ़ से मिलकर मजदूर नेता के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे। इस दौरान पत्रकारों द्वारा यह भी मांग की जाएगी कि पुलिस समय रहते आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पहले भी विवादों में रह चुका है पिंटू सिंह

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिंटू सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। शहर के व्यापारी, कारोबारी और यहां तक कि मजदूर संगठन के लोग भी उसकी गुंडा प्रवृत्ति से परेशान हैं। बताया जाता है कि उसने कई मौकों पर सड़क हादसों और औद्योगिक दुर्घटनाओं को राजनीतिक रंग देकर सरकारी कार्यों में बाधा डाली है।
कई सामाजिक संस्थाएं और राजनीतिक दल भी उसकी हरकतों से तंग आकर उसे संगठन से निष्कासित कर चुके हैं।

पुलिस से भिड़ंत का वीडियो भी हुआ था वायरल

घटना की पृष्ठभूमि में यह भी सामने आया है कि हाल ही में रामपुर स्थित दिनदयाल अपार्टमेंट की एक महिला से मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में जब पत्रकार खबर कवर करने सिटी कोतवाली पहुंचे, तो पिंटू सिंह थाने में पहुंचकर आरोपियों की पैरवी करने लगा।
पुलिस अधिकारियों द्वारा फटकारे जाने पर उसने पत्रकारों से बहस की और बाद में थाने से बाहर निकाल दिया गया। पत्रकारों ने इस घटना को अपने रिपोर्ट में प्रकाशित किया, जिसके बाद से वह पत्रकारों से नाराज चल रहा था।

पत्रकारों की एकजुटता से शहर में संदेश

पत्रकार संगठनों ने साफ कहा है कि यह सिर्फ चार पत्रकारों का नहीं बल्कि पूरे मीडिया जगत की सुरक्षा का सवाल है। सभी पत्रकारों से अपील की गई है कि वे सोमवार को SP कार्यालय में एकजुट होकर उपस्थित हों ताकि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
शहर के वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि “अगर प्रशासन ऐसे तत्वों पर तुरंत कार्रवाई नहीं करता, तो यह पत्रकारों के मनोबल को कमजोर करेगा और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला होगा।”

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v

साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814

sarthak@bohidar
sarthak@bohidarhttp://www.cginsights.in
Journalist and content professional based in India. I write clear, people-first stories across news, media, and digital platforms.
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments