Thursday, February 5, 2026
HomeCG NewsCG News: जशपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रेलर में...

CG News: जशपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रेलर में घुसी, पांच युवकों की मौके पर मौत

CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कटनी–गुमला नेशनल हाईवे नंबर 43 पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार सभी पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और ट्रेलर से सीधी टक्कर में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोग हादसे का भयावह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। दुलदुला थाना प्रभारी केके साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मृतक दुलदुला क्षेत्र के खटंगा गांव के निवासी थे।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले पांच युवकों की पहचान इस प्रकार है:

  • राधेश्याम यादव (26 वर्ष), पिता रामप्रसाद यादव

  • उदय कुमार चौहान (18 वर्ष), पिता कृष्ण चौहान

  • सागर तिर्की (22 वर्ष), पिता रफेल तिर्की

  • अंकित तिग्गा (17 वर्ष), पिता दिलीप तिग्गा

  • दीपक प्रधान (19 वर्ष), पिता अमर प्रधान

मेले से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के मुताबिक सभी युवक आस्ता थाना क्षेत्र के एक मेले से लौट रहे थे। घर के रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हुआ। मृतक राधेश्याम के बड़े भाई महेश्वर यादव ने बताया कि सभी दोस्त देर रात तक साथ थे और घर लौटते समय वाहन अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गया।

परिवार के अनुसार मृतक दीपक प्रधान अपने घर का इकलौता सहारा था, जिसकी मौत से परिवार शोक में डूब गया है। हादसे के बाद खटंगा गांव में मातम पसरा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी

पुलिस ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार चालक की तेज रफ्तार माना जा रहा है, हालांकि पुलिस विस्तृत जांच जारी रखे हुए है।

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v

साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments