CG News। छत्तीसगढ़ राज्य गठन दिवस इस वर्ष पहले से कहीं अधिक भव्य और ऐतिहासिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि राज्योत्सव 2025 का आयोजन इस बार तीन की जगह पांच दिनों तक किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि राज्योत्सव का शुभारंभ 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से होगा, जबकि 5 नवंबर को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समापन समारोह में शामिल होंगे। यह आयोजन नया रायपुर स्थित विज्ञान महाविद्यालय परिसर में बड़े स्तर पर किया जाएगा।
इस वर्ष राज्योत्सव की थीम “विकास और स्वाभिमान” रखी गई है। इस दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, हस्तशिल्प, वनोपज, उद्योग और पर्यटन की झलक पूरे वैभव के साथ देखने को मिलेगी। प्रदेश के सभी जिलों को अपने-अपने सांस्कृतिक और विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाने के लिए अलग-अलग स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे।

विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से राज्योत्सव की गरिमा और बढ़ेगी। यह कार्यक्रम “जनभागीदारी का पर्व” होगा, जिसमें आम नागरिक, विद्यार्थी, किसान और महिला समूह सक्रिय रूप से भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें सुरक्षा और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ देशभर के प्रसिद्ध सांस्कृतिक दलों को आमंत्रण भेजा गया है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की परंपरा और आधुनिक विकास का संगम देखने को मिलेगा।
मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “भूपेश बघेल सरकार के समय वर्किंग कल्चर पूरी तरह खत्म हो गया था, अब नई सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार करते हुए छत्तीसगढ़ को विकास की नई दिशा दी है।”
राज्योत्सव का यह पांच दिवसीय आयोजन छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष के गौरवशाली सफर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रतीक बनेगा।
छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v
साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814



Recent Comments