बिलासपुर। केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता दिव्यांगजनों को सम्मानित किया और समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगों को सशक्त बनाने के लिए सहायक उपकरण भी बांटे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक धरमलाल कौशिक ने की।
तोखन साहू ने दिव्यांग बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रदान किए गए उपकरण उनकी शैक्षणिक प्रगति में मदद करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि बिलासपुर जिले में किसी भी दिव्यांगजन को सहायक उपकरण की कमी नहीं होगी।
इस दौरान 05 ब्रेल किट, 05 श्रवण यंत्र और 10 स्मार्ट केन वितरित किए गए। प्रतियोगिताओं में विजेता 17 प्रतिभागियों और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट 17 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कुल 62 दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया।
धरमलाल कौशिक ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम का स्वागत भाषण संयुक्त संचालक टी.पी. भावे ने दिया। इस मौके पर श्रद्धा मैथ्यु, बबिता कमलेश, प्रशांत मोकासे, उत्तमराव माथनकर, सरस्वती रामेश्वरी, सरस्वती जायसवाल, सुबीना दीक्षित, प्रशांत द्विवेदी, संजय खुराना, दीक्षांत पटेल, अशोक अग्रवाल, मंजु रंगारी, उमा पाण्डेय सहित कई अधिकारी-कर्मचारी और अशासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत मोकासे ने किया।



Recent Comments