Bhilai News: 3 फीट की दूरी पर टांग दिए दो चालू पंखे, 21 करोड़ के स्टेशन पर प्लानिंग फेल!

Bhilai News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस किए जा रहे भिलाई के पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्यों में गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था सामने आई है। करोड़ों रुपये की लागत से हो रहे विकास कार्यों के बीच प्लेटफॉर्म पर महज तीन से साढ़े तीन फीट की दूरी पर दो चालू सीलिंग फैन लगाए जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। वहीं लिफ्ट और एस्केलेटर जैसे यात्री सुविधाएं टेस्टिंग पूरी होने के बाद भी शुरू नहीं की गई हैं, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है।

प्रतिदिन 25 से 30 हजार यात्रियों की आवाजाही और 30 से अधिक ट्रेनों के ठहराव वाले पावर हाउस रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। लेकिन जमीनी हकीकत में कई निर्माण कार्य सवालों के घेरे में हैं।

प्लेटफॉर्म पर दिखी हैरान करने वाली चूक

स्टेशन के लगभग 650 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए दो सीलिंग फैन महज तीन फीट की दूरी पर लगाए गए हैं। दोनों पंखे चालू हालत में हैं और ब्लेड आपस में न टकराएं, इसके लिए उनकी ऊंचाई में मामूली अंतर रखा गया है।

रेल यात्रियों का कहना है कि यह तकनीकी चूक नहीं बल्कि निर्माण कार्य की निगरानी में गंभीर लापरवाही का उदाहरण है। सोशल मीडिया पर भी इस व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

लिफ्ट और एस्केलेटर बने शोपीस

स्टेशन के नए फुट ओवरब्रिज में प्लेटफॉर्म-1, 2/3 और 4/5 को जोड़ने के लिए तीन लिफ्ट और एक एस्केलेटर लगाए गए हैं। हालांकि इनकी टेस्टिंग कई सप्ताह पहले पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक यात्रियों के लिए इन्हें शुरू नहीं किया गया।

इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, दिव्यांगों, बीमार यात्रियों और महिलाओं पर पड़ रहा है, जिन्हें भारी सामान के साथ सीढ़ियां चढ़ने-उतरने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है।

अधूरा एस्केलेटर और सूखता गार्डन

स्टेशन विकास योजना के तहत दोनों छोरों पर एस्केलेटर लगाए जाने थे, लेकिन टाउनशिप की ओर निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया। वर्तमान में वहां केवल लोहे का ढांचा दिखाई देता है।

वहीं स्टेशन परिसर में तैयार किया गया नया गार्डन भी रखरखाव के अभाव में सूखने लगा है। इससे करोड़ों रुपये की परियोजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रेलवे ने एजेंसी को जारी किया नोटिस

मामले पर रेलवे अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी किया है। सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी के अनुसार निर्माण कार्य में देरी और कमियों को लेकर एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं तथा जून के अंत तक सभी कार्य पूर्ण करने को कहा गया है।

स्टेशन के विकास कार्यों में सामने आई इन खामियों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या योजनाओं का लाभ यात्रियों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या फिर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सुविधाएं केवल कागजों तक सीमित रह जाएंगी। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v