रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हुई। लाठी-डंडों और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला करने के साथ ही एक पक्ष ने कार से कुचलने की कोशिश भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, इस झगड़े के पीछे हैप्पी नामक आरोपी है, जो पहले से ही धारा 307 (हत्या के प्रयास) के मामले में वांछित था और मई 2023 से फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि पुराने विवाद को लेकर हैप्पी और गौरव हेपट के बीच बहस हुई, जो मारपीट और धमकियों तक जा पहुँची। हैप्पी ने फोन पर गौरव गैंग के अन्य सदस्यों को बुलाकर विवाद को और उग्र बना दिया।
सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि वीडियो की सत्यता की भी तस्दीक की जा रही है कि यह घटना आज की ही है या पुरानी। फिलहाल दोनों पक्षों ने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





