Thursday, February 5, 2026
Home CG News Jashpur News: जंगल से लौट रही महिला पर हाथी का हमला, इलाज...

Jashpur News: जंगल से लौट रही महिला पर हाथी का हमला, इलाज के दौरान मौत – ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

0
107
Elephant Attack Jashpur

जशपुर। जशपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह कुनकुरी जनपद पंचायत के कुड़ुकेला गांव में जंगल से लौट रही एक महिला पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

कैसे हुई घटना
सुबह करीब 6:30 बजे कुड़ुकेला गांव की ज्योति मिंज (44), पिता सिरिल मिंज, अपने भाई अजय मिंज के साथ रहती थीं। वह घर के पास जंगल की सीमा पर खुखड़ी बीनने गई थीं। इस दौरान तीन हाथियों का झुंड वहां से गुजर रहा था। ग्रामीण दाऊद मिंज ने बताया कि पहले और तीसरे हाथी निकल गए, लेकिन बीच वाला हाथी आक्रामक हो गया और ज्योति पर हमला कर दिया। उसने सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गईं।

ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और वन विभाग को सूचना दी। गंभीर हालत में उन्हें कुनकुरी के होलीक्रॉस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी नारायणपुर राजकुमार कश्यप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Elephant Attack cg

ग्रामीणों का आरोप – समय पर चेतावनी नहीं दी गई
ग्रामीणों ने वन विभाग पर आरोप लगाया कि हाथियों की मौजूदगी की मुनादी गांव में नहीं कराई गई थी। उनका कहना है कि यदि समय पर सूचना दी जाती तो ज्योति जंगल की ओर नहीं जाती और यह हादसा टल सकता था।

वन विभाग का बयान
वन विभाग का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है।

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v

साथ ही हमारे फेसबुक पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here