Raigarh News: जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुआ। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से सजे ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ का आकर्षक स्वरूप लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन के माध्यम से सेवा, सहयोग और सामाजिक दायित्व के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प में सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की बधाई दी। ओपी चौधरी ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जनता के आभार, शुभकामनाओं और सेवा के संकल्प का प्रतीक है।
वित्त मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आगामी एक माह तक जनकल्याण और समाजहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के तहत जिला, विकासखंड, ग्राम और वार्ड स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
ओपी चौधरी ने देश में बीते वर्षों के दौरान हुए आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, कूटनीतिक और वैश्विक स्तर के बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों की चर्चा करते हुए कहा कि एक समय बस्तर में सड़क और आवागमन तक चुनौतीपूर्ण था, लेकिन निरंतर प्रयासों से परिस्थितियों में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई कार्य हैं जिन्हें कुछ वर्ष पहले असंभव माना जाता था, लेकिन आज वे साकार हुए हैं।
सिंदूर पार्क में आयोजित कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हजारों दीपों से तैयार की गई सजावट रही। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सिंदूर पार्क को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा स्थल बताया। उन्होंने कहा कि इसी स्थल पर हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए हैं।
आयोजन के दौरान जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों सहित आम नागरिकों ने अपने घरों में दीप जलाकर सेवा और सुशासन के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। आयोजन के माध्यम से विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
सिंदूर पार्क में दीपों से तैयार विशेष फॉर्मेशन को आकर्षक स्वरूप देने में सहयोग करने वाले कलाकार मनोज श्रीवास्तव और सुजीत मोदी का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दीप प्रज्वलन में सहयोग करने वाली स्वच्छता दीदियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने आयोजन में सहयोग के लिए नगरवासियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, आयोजन से जुड़े सहयोगियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सभी के सहयोग से सिंदूर पार्क में यह आयोजन संभव हो सका।
महापौर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी एक माह तक जिले के विभिन्न स्तरों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला, विकासखंड, ग्राम और वार्ड स्तर पर विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। सिंदूर पार्क में दीप प्रज्वलन के साथ आयोजित कार्यक्रम में सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण से जुड़े संदेश दिए गए। एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत आगे भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जानी हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, सभापति डिग्री लाल साहू, अरुणधर दीवान, सुभाष पाण्डेय, श्रीकांत सोमावार, विकास केडिया, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, डिप्टी कलेक्टर शिल्पा भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




