Bilaspur Breaking News: बिलासपुर में विवाद के बाद बवाल, पथराव-तोड़फोड़ में TI समेत कई घायल, कलेक्टर-SSP ने संभाला मोर्चा

Bilaspur Breaking News: बिलासपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में कथित सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार रात बड़ा बवाल बन गया। दो पक्षों के बीच तनाव के बाद पथराव और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई। भीड़ को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें तारबाहर TI रवि तिवारी समेत पुलिसकर्मी और अन्य लोग घायल हुए। हालात बिगड़ने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह को खुद मौके पर उतरना पड़ा। पड़ोसी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर देर रात तक इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।

सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हुई। टिप्पणी को लेकर हिंदू संगठनों से जुड़े लोग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की स्थिति बनने लगी।

स्थिति बिगड़ने के साथ ही दोनों पक्षों की भीड़ आमने-सामने आ गई। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। आसपास खड़ी गाड़ियों के साथ कुछ घरों और दुकानों में भी तोड़फोड़ की सूचना सामने आई।

भीड़ को संभालने पहुंची पुलिस

विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया।

पथराव के दौरान पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया गया। इसी दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी के सिर में चोट लगी। इसके अलावा एक आरक्षक समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

CSP से भी हुई धक्का-मुक्की

बढ़ते तनाव के बीच सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंचे CSP गगन कुमार के साथ भी भीड़ द्वारा धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को पीछे हटाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति कुछ समय तक नियंत्रण से बाहर बनी रही।

पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ गोले तकनीकी कारणों से तत्काल इस्तेमाल नहीं हो सके, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें हाथ से फेंककर भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया।

थाने के भीतर भी हुआ हंगामा

तनाव के दौरान बड़ी संख्या में लोग सिटी कोतवाली थाना परिसर में पहुंच गए। यहां भी काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी होती रही। भीड़ की मांग थी कि पथराव और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह भी थाना परिसर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने और स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।

पड़ोसी जिलों से बुलाया बल

हालात को देखते हुए बिलासपुर पुलिस लाइन के अलावा जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। इसके साथ ही जांजगीर-चांपा और मुंगेली से भी पुलिस बल बुलाया गया। CAF के जवानों की तैनाती भी की गई।

देर रात तक सिटी कोतवाली चौक और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

हेलमेट पहनकर सड़क पर उतरे अफसर

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कलेक्टर और SSP को हेलमेट पहनकर सड़क पर उतरना पड़ा। SSP रजनेश सिंह ने पुलिस बल के साथ इलाके में मोर्चा संभाला।

पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाया और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। देर रात तक पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग करती रहीं, ताकि दोबारा भीड़ एकत्र न हो।

सिटी कोतवाली क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ी

घटना के बाद मसानगंज और खपरगंज क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई। सिटी कोतवाली चौक के आसपास बैरिकेडिंग की गई और बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विवाद से जुड़े वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

कलेक्टर-SSP ने कहा, होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके बाद दो पक्षों में तनाव बढ़ा और पथराव की स्थिति बनी। अधिकारियों ने कहा कि घटना में दोनों पक्षों से पथराव हुआ है और कुछ लोगों को चोटें आई हैं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v