CG Breaking News: रायपुर में गर्लफ्रेंड को रोकने बोनट पर चढ़ा कारोबारी, 200 मीटर बाद गिरा; इलाज के दौरान मौत

CG Breaking News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ जाते देख एक कारोबारी का विवाद इतना बढ़ गया कि उसकी जान चली गई। आमानाका थाना क्षेत्र में परमप्रीत सिंह नामक युवक कार के बोनट पर चढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कार चला रहे युवक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। करीब 200 मीटर तक कार चलने के बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गर्लफ्रेंड को दोस्त के साथ देखा

आमानाका पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार दोपहर की है। टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी परमप्रीत सिंह एम्स के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देखा।

इसके बाद परमप्रीत और युवती के बीच विवाद हो गया। कुछ देर की बहस के बाद युवती भरत मंगनानी के साथ वहां से जाने लगी।

कार के बोनट पर चढ़ा युवक

युवती को दोस्त के साथ जाते देख परमप्रीत ने दोनों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान उसने भरत की कार में टक्कर मार दी। कार रुकने के बाद परमप्रीत उसके बोनट पर चढ़ गया और युवती से नीचे उतरने के लिए कहा।

इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस के अनुसार, कार चालक भरत ने वाहन आगे बढ़ा दिया।

200 मीटर बाद सड़क पर गिरा

बताया जा रहा है कि कार करीब 200 मीटर तक आगे बढ़ी। इसी दौरान परमप्रीत कार से नीचे गिर गया। सड़क पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद आमानाका पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

पुलिस कार चालक भरत मंगनानी की तलाश भी कर रही है। घटना में कार किस तरह और कितनी दूरी तक चली, इसको लेकर CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

परमप्रीत सिंह की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v