Snake Bite: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 22 वर्षीय महिला ममता नागवंशी की करैत (Krait) सांप के डसने से मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ जमीन पर सो रही थी, तभी तड़के उसे किसी चीज के काटने का एहसास हुआ। जब परिजनों ने लाइट जलाकर देखा तो बिस्तर पर जहरीला करैत सांप मौजूद था। महिला को पहले पत्थलगांव अस्पताल और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुबह 4 बजे बोली- मुझे किसी ने काट लिया है
जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम घाटासरई निवासी ममता नागवंशी (22) रविवार तड़के अपने पति श्रवण नागवंशी के साथ जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो रही थी। सुबह करीब 4 बजे उसे शरीर में तेज जलन महसूस हुई। उसने पति को जगाकर बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है और काफी दर्द हो रहा है।
इसके बाद जब परिजनों ने कमरे की लाइट जलाई तो उनके होश उड़ गए। महिला के बिस्तर पर जहरीला करैत (Krait Snake) बैठा हुआ था। महिला के शरीर पर भी सांप के डसने के स्पष्ट निशान दिखाई दिए।
परिजनों ने सांप को मारा, अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना के बाद परिजनों ने सांप को मार दिया और घायल महिला को तुरंत पत्थलगांव अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने महिला को Anti Snake Venom (ASV) सहित आवश्यक उपचार दिया, लेकिन जहर का असर अधिक होने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
इलाज के दौरान हुई मौत
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार शाम करीब 6:30 बजे महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया।
महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। शादीशुदा महिला की असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
बारिश में बढ़ रहे Snake Bite के मामले
बारिश के मौसम में सरगुजा संभाग सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बारिश के कारण जहरीले सांप अपने बिलों से निकलकर घरों में पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जमीन पर सोने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखनी चाहिए।
क्या करें Snake Bite होने पर?
- घबराएं नहीं और मरीज को शांत रखें।
- तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
- झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा न करें।
- सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश से बचें, यदि संभव हो तो उसकी पहचान याद रखें।
- जल्द से जल्द Anti Snake Venom (ASV) उपलब्ध अस्पताल में उपचार कराएं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




