CG News: रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक सरप्राइज चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान श्रमिक बस्तियों, किराए के मकानों और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में रह रहे लोगों की गहन जांच की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला तथा उप पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन में संचालित किया गया। थाना धरसीवा एवं चौकी सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया।
श्रमिकों और किरायेदारों का किया गया सत्यापन
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया की विभिन्न फैक्ट्रियों, श्रमिक बस्तियों और किराए के मकानों में जाकर सत्यापन किया। पुलिस ने निवासरत लोगों के आधार कार्ड, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
सत्यापन प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रमिकों का रिकॉर्ड भी जांचा गया। पुलिस ने सभी जानकारी को दस्तावेजी रूप से सत्यापित किया।
मकान मालिकों को दिए निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने किरायेदारों के सभी आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें और समय-समय पर पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराएं।
अधिकारियों ने कहा कि किरायेदार सत्यापन सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलती है।
संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त नजर
अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों और श्रमिकों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्यों में शामिल न होने की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बाहरी राज्यों से आकर अपराध करने या छिपने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिक नहीं मिले
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार के संदिग्ध रोहिंग्या या बांग्लादेशी नागरिक की मौजूदगी नहीं पाई गई। अधिकारियों के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर सतर्कता बरती जा रही है।
लोगों ने की पुलिस कार्रवाई की सराहना
पुलिस की इस कार्रवाई को उद्योग प्रबंधन, श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों ने सकारात्मक कदम बताया है। लोगों का कहना है कि ऐसे सत्यापन अभियान अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। भविष्य में भी ऐसे सत्यापन और निगरानी अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




