Bilaspur News: अवैध निर्माण पर महापौर का एक्शन, काम रुकवाया, नक्शा निरस्त करने के आदेश

Bilaspur News: बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ महापौर पूजा विधानी ने सख्त कार्रवाई करते हुए कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में चल रहे एक निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। कॉलोनीवासियों की शिकायत के बाद महापौर स्वयं मौके पर पहुंचीं और निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

महापौर ने निर्माण में नियमों के उल्लंघन की आशंका जताते हुए जोन इंजीनियर को तत्काल कार्य बंद कराने और संबंधित भवन के स्वीकृत नक्शे को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

शिकायत के बाद मौके पर पहुंचीं महापौर

शुक्रवार को महापौर पूजा विधानी ने जोन क्रमांक-8 अंतर्गत कोनी क्षेत्र की रिवर व्यू कॉलोनी का निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की थी कि एक मकान का निर्माण निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानकों के विपरीत किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण स्थल का जायजा लिया और मौके पर चल रहे कार्य को तुरंत रोकने के निर्देश दिए।

भवन मालिक को निगम कार्यालय तलब

मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने संबंधित भवन निर्माता को सभी दस्तावेजों के साथ नगर निगम के विकास भवन स्थित कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

भवन शाखा के अधिकारियों को निर्माण से संबंधित सभी अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

कॉलोनीवासियों ने रखी समस्या

निरीक्षण के दौरान रिवर व्यू कॉलोनी के रहवासियों ने महापौर को बताया कि कथित अवैध निर्माण के कारण रास्ते और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।

मौके पर एमआईसी सदस्य श्याम साहू, जोन अध्यक्ष राजेश दुसेजा, पार्षद प्रतिनिधि अमित मिश्रा सहित निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।

नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: महापौर

महापौर पूजा विधानी ने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध या नियमों के विपरीत निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम द्वारा निर्माण संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और व्यवस्थित शहरी विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इंजीनियरों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश

महापौर ने सभी जोन इंजीनियरों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में शिकायत की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v