New Tehsil Office Naya Raipur: अब रायपुर नहीं जाना पड़ेगा! नया रायपुर में खुलने जा रहा तहसील दफ्तर, 39 गांवों को मिलेगी बड़ी राहत

New Tehsil Office Naya Raipur: नया रायपुर (अटल नगर) में लंबे समय से प्रतीक्षित तहसील कार्यालय के लिए स्थान तय कर लिया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार नया तहसील दफ्तर सेक्टर-19 स्थित पर्यावास भवन से संचालित होगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं और संबंधित विभागों द्वारा प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

तहसील कार्यालय शुरू होने के बाद नया रायपुर और आसपास के 39 गांवों के हजारों ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

दिसंबर 2025 में मिली थी स्वतंत्र तहसील की मान्यता

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने दिसंबर 2025 में नवा रायपुर (अटल नगर) को स्वतंत्र तहसील का दर्जा प्रदान करने की अधिसूचना जारी की थी। इसे राज्य के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया था।

नई तहसील के गठन के बाद अब उसके संचालन के लिए स्थायी कार्यालय की व्यवस्था भी अंतिम चरण में पहुंच गई है।

6 राजस्व निरीक्षक मंडल और 20 पटवारी हल्के शामिल

नवा रायपुर तहसील में कुल 6 राजस्व निरीक्षक मंडल शामिल किए गए हैं, जिनमें पलौद, मंदिर हसौद, केंद्री, तोरला, सेरीखेरी, रायपुर-18 और कांदुल क्षेत्र शामिल हैं।

इसके साथ ही 20 पटवारी हल्कों को भी नई तहसील में शामिल किया गया है, जिससे राजस्व प्रशासन को स्थानीय स्तर पर मजबूत किया जा सके।

39 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

नई तहसील के अंतर्गत पलौद, परसदा, पसौद, सेंद, चीचा, चरौदा, रमचंडी, कबाबांधा, झांझ, नवागांव, खपरी, राखी, मंदिर हसौद, केंद्री, निमोरा, उपरवारा, तुता, खंडवा, तोरला, बंजारी, कुर्रा, सेरीखेरी, नकटी, टेमरी, धरमपुरा, बनरसी, माना सहित कुल 39 गांवों को शामिल किया गया है।

इन गांवों के नागरिकों को राजस्व सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

इन कार्यों के लिए मिलेगी सुविधा

तहसील कार्यालय शुरू होने के बाद नागरिकों को निम्न कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा—

  • जाति प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • आय प्रमाण पत्र
  • भूमि रिकॉर्ड संबंधी कार्य
  • नामांतरण
  • सीमांकन
  • राजस्व अभिलेखों में सुधार
  • अन्य प्रशासनिक सेवाएं

इससे लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।

दावा-आपत्तियों का निपटारा पूरा

अधिसूचना जारी होने के बाद क्षेत्र के ग्रामों को शामिल करने को लेकर सुझाव और दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। इसके लिए 60 दिन का समय दिया गया था।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का परीक्षण कर उनका निपटारा किया जा चुका है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया को गति दी गई है।

जल्द हो सकता है औपचारिक शुभारंभ

अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर के अनुसार एनआरडीए द्वारा कार्यालय के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है और आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया जारी है। हालांकि कार्यालय के औपचारिक शुभारंभ की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v