Raipur News: रेलवे स्टेशन पर महिला को बाल पकड़कर घसीटा, लात-घूंसों से पीटा

Raipur News: राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक महिला के साथ सरेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि युवकों ने महिला के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटा और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

रेलवे स्टेशन परिसर में महिला से बेरहमी

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला खुद को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन युवक लगातार उसके साथ मारपीट करते रहते हैं। महिला चीखती-चिल्लाती रही, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घटना सार्वजनिक स्थान पर हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने महिला को बचाने या बीच-बचाव करने का साहस नहीं दिखाया।

लोग बनाते रहे वीडियो, मदद के लिए कोई नहीं आया

वायरल वीडियो में कुछ लोग घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने महिला की मदद क्यों नहीं की।

घटना को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने आरोपियों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विवाद की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला और युवकों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। झगड़ा कैसे शुरू हुआ और मामला मारपीट तक क्यों पहुंचा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस की ओर से मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद नागरिकों ने महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटना कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v