CG News: बिलासपुर जिले की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने और शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कोनी (सेंदरी)-मोपका बायपास सड़क परियोजना के लिए 75 करोड़ 73 लाख रुपये की निविदा को मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना के तहत 13.40 किलोमीटर लंबी फोरलेन सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और विभागीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
यातायात दबाव होगा कम
कोनी-मोपका बायपास बनने से बिलासपुर शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। नई फोरलेन सड़क से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आवागमन अधिक सुगम बनेगा। इससे स्थानीय लोगों, व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक परिवहन को भी लाभ मिलेगा।
गुणवत्ता और निगरानी पर रहेगा फोकस
लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य का निष्पादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार किया जाएगा। निर्माण कार्य को किसी अन्य एजेंसी को सब-लेट (Sub-let) करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा कार्य निष्पादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी भी मान्य नहीं होगी।
अनुबंध से पहले सुरक्षा राशि अनिवार्य
राज्य शासन ने ठेकेदार से अनुबंध निष्पादन से पहले एडिशनल परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (APS) के रूप में एफडीआर (Fixed Deposit Receipt) जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इससे परियोजना के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा।
विकास को मिलेगी रफ्तार
यह परियोजना बिलासपुर क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। बायपास निर्माण पूरा होने के बाद शहर में ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा और भविष्य की परिवहन जरूरतों को भी मजबूती मिलेगी। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v




