रायगढ़। 16 सितंबर को रायगढ़ में कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय वोट अधिकार यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत भी होगा।
बड़े नेता होंगे शामिल
इस यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता रायगढ़ पहुंचेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता दीपक मंडल ने बताया कि तैयारियों को लेकर रायगढ़ कांग्रेस भवन में लगातार बैठकें हो रही हैं। शुक्रवार को आयोजित बैठक में जिला अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष दीपक पांडेय, अरुण गुप्ता, महामंत्री विकास शर्मा सहित ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा का रूट और सभा
यात्रा 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे सत्ती गुड़ी चौक से शुरू होगी और घड़ी चौक, हंडी चौक, गद्दी चौक, सुभाष चौक, तथा एसपी ऑफिस के सामने से होते हुए स्टेशन चौक में एक सभा के रूप में समाप्त होगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, यह कार्यक्रम वोट अधिकार को लेकर जनता को जागरूक करने और भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध का मंच बनेगा।





