CG News: छिंदारी बांध हादसा में नहाने गए 17 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत, रेस्क्यू जारी

CG News: खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र स्थित रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब एसडीआरएफ की टीम को दुर्ग से बुलाया गया है, जो गुरुवार सुबह से विशेष उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। घूमने गए तीन दोस्त, नहाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार छुईखदान निवासी तीन किशोर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ देर बाद तीनों नहाने के लिए जलाशय में उतर गए। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान पानी में संतुलन बिगड़ने से तीनों डूबने लगे। हादसे में दो किशोर किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन 17 वर्षीय लक्ष्य पाल (पिता संजय पाल) गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। स्थानीय लोगों ने शुरू कराया रेस्क्यू ऑपरेशन घटना के बाद बाहर निकले दोनों दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छुईखदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई गई। हालांकि बांध में गहराई अधिक होने और पानी में दृश्यता कम होने के कारण रेस्क्यू में कठिनाई आई। देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका। SDRF टीम करेगी विशेष सर्च ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार, किशोर की तलाश के लिए दुर्ग से एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम बुलाई गई है। यह टीम आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ गुरुवार सुबह से जलाशय में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जब तक किशोर का पता नहीं चल जाता, तब तक रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा। पहले भी हो चुकी हैं डूबने की घटनाएं स्थानीय लोगों के अनुसार छिंदारी बांध में पहले भी कई बार डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन की ओर से यहां चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और लोगों को गहरे पानी में न जाने की सलाह दी जाती है, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतते हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर जलाशय सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही किशोर के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें- https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v