Thursday, February 5, 2026
HomeCG NewsCG News: रायपुर में 25 लाख की MDMA के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर...

CG News: रायपुर में 25 लाख की MDMA के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, एक फरार, पुलिस करेगी नेटवर्क का खुलासा

CG News: राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 लाख रुपये की MDMA (एक्स्टेसी ड्रग) के साथ एक अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी कैलाश विश्नोई, जोधपुर (राजस्थान) का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 ग्राम MDMA बरामद की है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

नए साल की पार्टियों के लिए लाई गई थी ड्रग्स

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कैलाश विश्नोई नए साल के जश्न के दौरान रायपुर में MDMA सप्लाई करने के उद्देश्य से पहुंचा था। क्राइम ब्रांच को पहले से सूचना मिल रही थी कि नए साल से पहले राजधानी में सिंथेटिक ड्रग्स की खेप आने वाली है। इसी इनपुट के आधार पर पंडरी थाना क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई।

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपी को संदिग्ध हालत में रोका और तलाशी लेने पर उसके पास से MDMA बरामद की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह ड्रग्स सीधे युवाओं और पार्टी सर्किल में खपाने की योजना थी।

कार्रवाई के दौरान एक साथी फरार

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक साथी शिवदास गोदारा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में सप्लाई चैन, रिसीवर और स्थानीय संपर्कों से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पंडरी थाना में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि MDMA कहां से लाई गई थी और रायपुर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई होनी थी।

पुलिस के अनुसार MDMA एक खतरनाक सिंथेटिक ड्रग है, जिसका उपयोग खासतौर पर पार्टी और क्लब कल्चर में किया जाता है। युवाओं में इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

पूरे नेटवर्क का जल्द होगा खुलासा

रायपुर पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और आने वाले दिनों में ऐसे मामलों में और तेजी लाई जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में नशे का कारोबार किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा और अंतर्राज्यीय तस्करों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

छत्तीसगढ़ की हर अपडेट के लिए हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें – https://whatsapp.com/channel/0029VbBj50DATRSgaSxCmo2v

साथ ही हमारे Facebook पेज से जुड़े – https://www.facebook.com/profile.php?id=61579881036814

sarthak@bohidar
sarthak@bohidarhttp://www.cginsights.in
Journalist and content professional based in India. I write clear, people-first stories across news, media, and digital platforms.
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments